मुंबई | न्यूज़ डेस्क | दुनिया में ऐसे कई रेस्टोरेंट हैं, जो अपने शानदार खाने और अपनी अनोखी थीम की वजह से चर्चा में रहते हैं | किसी रेस्टोरेंट का इंटीरियर बेशकीमती होता है तो किसी रेस्टोरेंट में वेटर के रूप में सिर्फ मूक-बधिर लोग ही देखने को मिलते हैं, पर क्या आपने कभी कोई ऐसा रेस्टोरेंट देखा है, जहां भूत-प्रेत खाना परोसते हों? जी हां, ऐसे ही एक अनोखे रेस्टोरेंट का वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है, जिसे देखते ही लोगों के होश उड़ गए | दरअसल, इस वीडियो में देखने को मिलता है कि रेस्टोरेंट में ‘भूत-प्रेत’ खाना परोसते हैं और ग्राहकों से हाथ मिलाते हैं | 
वीडियो में आप देख सकते हैं कि रेस्टोरेंट को कैसे भूतिया तरीके से सजाया गया है और रेस्टोरेंट के अंदर एक टेबल पर एक फैमिली बैठी नजर आती है | फिर उनके टेबल पर भूतिया ड्रेस पहने एक बंदा खाना लेकर आता है और टेबल पर रख देता है | फिर वो एक लड़की से हाथ मिलाने की कोशिश करता है, लेकिन जैसे ही लड़की उसका हाथ छूती है, ऐसा लगता है जैसे करंट का झटका लग गया हो और वो तुरंत ही अपना हाथ पीछे कर लेती है | इस दौरान वो एक दूसरी लड़की को डराने की भी कोशिश करता है और वो डर भी जाती है | दावा किया जा रहा है कि ये अनोखा रेस्टोरेंट वाराणसी में है, जिसका नाम ‘कंकाल हॉरर रेस्टोरेंट’ है | 
लाखों बार देखा जा चुका वीडियो
इस वीडियो को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर kankal_horror_restaurant_cafe नाम की आईडी से शेयर किया गया है, जिसे अब तक 5.9 मिलियन यानी 59 लाख बार देखा जा चुका है, जबकि एक लाख 83 हजार से अधिक लोगों ने वीडियो को लाइक भी किया है और तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं भी दी हैं | 
वीडियो देख किसी ने कहा कि ‘यहां पर कोई अकेले खाना खाएगा तो उसकी तो भूख ही मिट जाएगी’, तो किसी ने कहा कि ‘यहां तो डर से ही खाना नहीं खाया जाएगा’ | इसी तरह एक अन्य यूजर ने मजाकिया अंदाज में लिखा है, ‘ये तो मजाक बनाया है आत्माओं का, भारी पड़ेगा सबको’, तो कई यूजर्स ऐसे भी हैं, जो पूछ रहे हैं कि वाराणसी में ये रेस्टोरेंट कहां है |