रायपुर | मीनल केडेकर | रायपुर राजधानी पुलिस ने अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स नेटवर्क पर कार्रवाई करते हुए दिल्ली से एक नाइजीरियन समेत दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों में दिल्ली निवासी सन्नी शर्मा (26) और नाइजीरियन नागरिक तोचकू अफामे उर्फ प्रिंस चार्ल्स (38) शामिल हैं। इनके पास से 9.70 लाख रुपये नकद, पांच मोबाइल फोन और तीन चेकबुक जब्त की गई हैं, जिनकी कुल कीमत लगभग 11 लाख रुपये आंकी गई है।
इस आपरेशन की निगरानी पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त (मध्य) उमेश प्रसाद गुप्ता द्वारा की गई। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट, एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और देवेंद्र नगर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की। पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि वे कोकीन को बीपी मशीन के डिब्बों में छिपाकर कुरियर के जरिए भेजते थे। पिछले छह महीनों में करीब दो करोड़ रुपये के ट्रांजैक्शन की जानकारी पुलिस को मिली है।