दुर्ग | सोनम कौर | नगर पालिक निगम दुर्ग क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार एवं नागरिकों को बेहतर आवागमन सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आज महापौर अलका बाघमार ने विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। इस दौरान लोक कर्म प्रभारी देव नारायण चन्द्राकर,शेखर चन्द्राकर, वार्ड पार्षद एवं नेता प्रतिपक्ष संजय कोहले, अजीत वैध,रंजीता पाटिल तथा बड़ी संख्या में वार्डवासी उपस्थित रहे।
महापौर ने वार्ड क्रमांक 13 गजानन नगर में सड़क सीमेंटीकरण कार्य, मोहन नगर में नाली निर्माण कार्य तथा वार्ड क्रमांक 13 के अन्य क्षेत्रों में सड़क सीमेंटीकरण कार्य का भूमिपूजन किया। इसके साथ ही वार्ड क्रमांक 12 में प्रस्तावित सड़क सीमेंटीकरण कार्य का भी विधिवत भूमिपूजन कर निर्माण एजेंसियों एवं संबंधित अधिकारियों को कार्य शीघ्र प्रारंभ करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर महापौर अलका बाघमार ने कहा कि नगर निगम द्वारा विभिन्न वार्डों में लगातार विकास कार्य कराए जा रहे हैं, ताकि नागरिकों को मूलभूत सुविधाओं का लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि सड़क एवं नाली निर्माण कार्य पूर्ण होने से क्षेत्रवासियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी तथा बरसात के दौरान जलभराव जैसी समस्याओं से राहत प्राप्त होगी। अच्छी सड़कें और सुव्यवस्थित जल निकासी व्यवस्था किसी भी क्षेत्र के समग्र विकास की आधारशिला होती हैं।
महापौर ने संबंधित अधिकारियों एवं निर्माण एजेंसियों को निर्देशित करते हुए कहा कि वर्षा ऋतु प्रारंभ हो चुकी है, इसलिए अधिक बारिश होने से पूर्व सभी निर्माण कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण किया जाए। उन्होंने गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं करने तथा निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश भी दिए।
कार्यक्रम के दौरान वार्ड पार्षदों एवं स्थानीय नागरिकों ने क्षेत्र में विकास कार्यों की स्वीकृति एवं शीघ्र प्रारंभ किए जाने पर महापौर का आभार व्यक्त किया। नागरिकों ने कहा कि सड़क एवं नाली निर्माण से लंबे समय से चली आ रही समस्याओं का समाधान होगा तथा क्षेत्र का समग्र विकास सुनिश्चित होगा।इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों ने विकास कार्यों के लिए नगर निगम प्रशासन के प्रयासों की सराहना करते हुए भविष्य में भी इसी प्रकार जनहित के कार्य निरंतर किए जाने की अपेक्षा व्यक्त की