दुर्ग | सोनम कौर | प्रातःकाल दुर्ग पुलिस द्वारा थाना छावनी एवं थाना मोहन नगर क्षेत्र में विशेष चेकिंग अभियान संचालित किया गया। अभियान में दोनों थाना क्षेत्रों में कुल लगभग 100 अधिकारी एवं कर्मचारियों ने सहभागिता करते हुए चिन्हित क्षेत्रों में सघन तलाशी एवं सत्यापन की कार्रवाई की। थाना छावनी क्षेत्र के प्रगति नगर बीएसपी क्वार्टर में प्रत्येक मकान का भौतिक सत्यापन किया गया। इस दौरान यह सुनिश्चित किया गया कि कहीं अवैध रूप से मादक पदार्थ, शराब अथवा अन्य नशीले पदार्थों का संग्रहण तो नहीं किया जा रहा है।
साथ ही निवासरत व्यक्तियों के आधार कार्ड, पहचान संबंधी दस्तावेजों का सत्यापन एवं वाहनों की जांच की गई। अभियान के दौरान 07 स्थायी एवं गिरफ्तारी वारंटियों को गिरफ्तार किया गया, जिन्हें वैधानिक कार्यवाही उपरांत माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है। इसी प्रकार थाना मोहन नगर क्षेत्र के उरला बॉम्बे आवास, शंकर नगर एवं शांति नगर में भी लगभग 50 अधिकारी-कर्मचारियों द्वारा घर-घर जाकर सत्यापन किया गया। अभियान के दौरान निवासरत व्यक्तियों के पहचान संबंधी दस्तावेज, आधार कार्ड, किरायेदारों के दस्तावेज तथा वाहनों की जांच की गई एवं संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी गई।