August 23, 2026

Join With Us


"खनिज संपदा से समृद्ध छत्तीसगढ़ को सोलर ऊर्जा से बनाएंगे और अधिक विकसित": सांसद बृजमोहन अग्रवाल





*छत्तीसगढ़ सोलर वेलफेयर एसोसिएशन के दो दिवसीय "छत्तीसगढ़ संवाद" एवं सम्मान समारोह में शामिल हुए सांसद बृजमोहन अग्रवाल*


*सोलर ऊर्जा से कम होगा प्रदूषण, आमजन की बचेगी ऊर्जा और बढ़ेगा जीवन स्तर: बृजमोहन अग्रवाल*


रायपुर । मिनल केड़ेकर।  छत्तीसगढ़ सोलर वेलफेयर एसोसिएशन द्वारा आयोजित दो दिवसीय "छत्तीसगढ़ संवाद" एवं सम्मान समारोह के समापन अवसर पर रायपुर सांसद श्री बृजमोहन अग्रवाल शामिल हुए। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय उपस्थित रहे।


कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि हमारा शरीर पंचतत्वों से मिलकर बना है और सूर्य ऊर्जा का सबसे बड़ा स्रोत है। यदि हम अपने घरों और प्रतिष्ठानों में रोशनी के लिए सौर ऊर्जा का उपयोग बढ़ाएंगे, तो हमारी अपनी कार्यक्षमता और ऊर्जा भी दोगुनी होगी। उन्होंने कहा कि कोयले पर अत्यधिक निर्भरता से प्रदूषण, धूल और परिवहन संबंधी समस्याएं बढ़ती हैं, जो मानव स्वास्थ्य और ऊर्जा को प्रभावित करती हैं। ऐसे में सोलर ऊर्जा को अपनाना समय की सबसे बड़ी मांग है।


श्री अग्रवाल ने बताया कि देश में प्रधानमंत्री जी की योजना के तहत करोड़ों घरों को सोलर ऊर्जा से जोड़ने का कार्य तीव्र गति से चल रहा है। छत्तीसगढ़ ने भी लगभग 2.5 लाख सिंचाई पंपों को ऊर्जीकृत करने की दिशा में बेहतरीन कार्य किया है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र जैसे राज्यों में कृषि पंपों को पूरी तरह सोलर में बदलने की दिशा में ठोस कदम उठाए जा रहे हैं, उसी तरह छत्तीसगढ़ में भी आने वाले समय में सभी पंपों और घरों को सोलर ऊर्जा से जोड़ा जाना चाहिए।


सांसद अग्रवाल ने कहा कि,  वर्तमान में विद्युत क्षेत्र में लगभग ₹10,000 करोड़ की सब्सिडी दी जा रही है। यदि सोलर ऊर्जा का विस्तार बड़े स्तर पर होता है, तो इस भारी सब्सिडी की बचत होगी। इसका सीधा लाभ प्रदेश की लगभग 70% मध्यम एवं निम्न-मध्यम वर्गीय आबादी को मिलेगा, उनके आय के साधन बढ़ेंगे और जीवन स्तर में व्यापक सुधार आएगा।


उन्होंने आगे कहा कि छत्तीसगढ़ देश में सबसे अधिक कोयला, लौह अयस्क (Iron Ore), एल्युमिनियम और लाइमस्टोन उत्पादन करने वाला समृद्ध राज्य है। खनिज संपदा से परिपूर्ण इस प्रदेश को यदि सोलर ऊर्जा से भी पूर्ण रूप से सशक्त कर दिया जाए, तो छत्तीसगढ़ और हमारा रायपुर देश के सबसे तेजी से विकसित होने वाले क्षेत्रों में शीर्ष पर रहेगा।


कार्यक्रम के दौरान छत्तीसगढ़ में सोलर ऊर्जा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले स्टेकहोल्डर्स एवं संस्थाओं को सम्मानित किया गया। सांसद अग्रवाल ने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए संतोष मिश्रा एवं उनकी पूरी टीम को बधाई दी और विश्वास व्यक्त किया कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश स्वच्छ व सौर ऊर्जा के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छुएगा।


कार्यक्रम में विधायक श्री पुरंदर मिश्रा , CSPDCL चेयरमैन श्री भीम सिंह कंवर, CSWA अध्यक्ष श्री संतोष मिश्रा समेत गणमान्यजन उपस्थित रहे, राकेश खंडेलवाल, लकी जुमलानी सहित प्रदेशभर से आए सोलर ऊर्जा क्षेत्र के स्टेकहोल्डर्स और गणमान्य जन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।



Related Post


+36
°
C
+39°
+29°
New Delhi
Wednesday, 10
See 7-Day Forecast

Advertisement









Tranding News

Get In Touch
Avatar

सोनम कौर भाटिया

प्रधान संपादक

+91 73540 77535

contact@vcannews.com

© Vcannews. All Rights Reserved. Developed by NEETWEE