August 27, 2026

Join With Us


विकसित भारत’ के निर्माण की सबसे मजबूत नींव है युवा और खेल शक्ति : सांसद बृजमोहन अग्रवाल

एम्स रायपुर में आयोजित ‘खेलो इंडिया संवाद’ में रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने युवाओं और खिलाड़ियों में भरा नया जोश




रायपुर | मीनल केडेकर | वरिष्ठ जननेता एवं रायपुर लोकसभा क्षेत्र के लोकप्रिय सांसद बृजमोहन अग्रवाल गुरुवार को एम्स (AIIMS) रायपुर के ऑडिटोरियम में आयोजित भव्य ‘खेलो इंडिया संवाद’ कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान सांसद अग्रवाल ने हजारों युवाओं और खिलाड़ियों के साथ वर्चुअल माध्यम से देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ऊर्जावान और दूरदर्शी उद्बोधन को सुना। 

इस अवसर पर उन्होंने उपस्थित युवाओं से सीधा संवाद कर उनके सुझाव, आकांक्षाएं और विचार सुने तथा उन्हें राष्ट्र निर्माण में अपनी अग्रणी भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि आज का भारत अपनी युवा शक्ति के दम पर वैश्विक पटल पर नई पहचान बना रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में ऐसी नीतियां बन रही हैं, जो वन-वे न होकर टू-वे संवाद पर आधारित हैं। देश के लगभग 8 लाख युवाओं की आवाज सीधे सरकार तक पहुंच रही है और युवा क्या चाहते हैं, उसी आधार पर खेल और विकास की नीतियां तय हो रही हैं। जिसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय युवा मामले एवं खेल मंत्री मनसुख मांडविया का आभार व्यक्त करता हूं।

अग्रवाल ने खेलों के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि खेल केवल मैदान में जीतने या पदक हासिल करने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह हमारे भीतर अनुशासन, नेतृत्व, फिटनेस और स्पोर्ट्समैन स्पिरिट का संचार करता है। उन्होंने कहा कि मैदान में नियमों और अंपायर के निर्णय का सम्मान करना खिलाड़ी को जीवनभर अनुशासित रखता है। यदि खेल भावना और वही अनुशासन राजनीति और सामाजिक जीवन में भी आ जाए, तो भारत को पुनः ‘विश्व गुरु’ बनने से कोई नहीं रोक सकता। खेल का मैदान जीवन का सबसे बड़ा सीखने का केंद्र है।

सांसद खेल महोत्सव बना रायपुर का ऐतिहासिक जन-उत्सव

छत्तीसगढ़ में खेलों के विस्तार की चर्चा करते हुए अग्रवाल ने हाल ही में आयोजित ट्राइबल गेम्स का उल्लेख किया, जिससे वनांचल और ग्रामीण क्षेत्रों के टैलेंट को खुलकर सामने आने का अवसर मिला। उन्होंने बताया कि रायपुर लोकसभा क्षेत्र में आयोजित ‘सांसद खेल महोत्सव’ में रिकॉर्ड 80,000 लोगों ने भाग लिया। अग्रवाल ने अपनी पहल का जिक्र करते हुए कहा कि पारंपरिक और ग्रामीण खेलों को भी इस महोत्सव में शामिल किया गया तथा 18 वर्ष से कम, 18 से 50 वर्ष और 50 वर्ष से अधिक—सभी आयु वर्गों के लिए प्रतियोगिताएं रखी गईं, ताकि समाज का हर वर्ग मैदान से जुड़ सके।

सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने युवाओं से नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रहने और समाज को नशामुक्त बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में एम्स रायपुर के कार्यकारी निदेशक  लेफ्टिनेंट जनरल अशोक जिंदल , विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी, खेल जगत की विभूतियां, मीडिया प्रतिनिधि और भारी संख्या में युवा खिलाड़ी उपस्थित रहे। सांसद अग्रवाल ने सभी अतिथियों, अधिकारियों और युवाओं का हार्दिक अभिनंदन करते हुए आह्वान किया कि हर नागरिक को अपने स्वास्थ्य और देश के गौरव के लिए किसी न किसी खेल से जरूर जुड़ना चाहिए।




+36
°
C
+39°
+29°
New Delhi
Wednesday, 10
See 7-Day Forecast

Advertisement









Tranding News

Get In Touch
Avatar

सोनम कौर भाटिया

प्रधान संपादक

+91 73540 77535

contact@vcannews.com

© Vcannews. All Rights Reserved. Developed by NEETWEE