रायपुर | मिनल केडेकर | कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के रैली स्थल का ‘शुद्धिकरण’ और राहुल गांधी पर एफआईआर को भाजपाइयों के तानाशाही चरित्र का प्रमाण बताते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा है कि उत्तराखंड में भारतीय जनता पार्टी की बर्बर, ओछी और दलित विरोधी मानसिकता का वीभत्स चेहरा एक बार फिर देश के सामने आ गया है। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष और वरिष्ठ दलित नेता आदरणीय मल्लिकार्जुन खरगे की जनसभा के बाद भाजपाई नेताओं द्वारा उस सभास्थल का ’शुद्धिकरण’ कराया जाना केवल खरगे का अपमान नहीं, बल्कि देश के करोड़ों दलितों, वंचितों और बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर के संविधान पर सीधा हमला है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने भारतीय जनता पार्टी और उसके पितृ संगठन आरएसएस पर पलटवार करते हुए कहा कि भाजपा का असली डीएनए दलित विरोधी है। एक तरफ जहां दलित समाज के शीर्ष नेता का अपमान किया जाता है, वहीं दूसरी तरफ इस अन्याय और अत्याचार के खिलाफ मुखरता से आवाज उठाने वाले हमारे नेता राहुल गांधी जी पर उल्टे झूठी एफआईआर दर्ज करा दी जाती है। अभिव्यक्ति की आजादी और लोकतांत्रिक अधिकारों को निर्ममता पूर्वक कुचल रही है यह सरकार।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा है कि भाजपा सरकार बताएं कि अपराधियों को किसका संरक्षण है? उत्तराखंड में जुर्म और अत्याचार करने वाले अपराधियों को सलाखों के पीछे भेजने के बजाय भाजपा सरकार उन पर पर्दा डालने में क्यों जुटी है? राहुल गांधी जी से खौफ क्यों? जब भी राहुल गांधी जी देश के शोषितों, पीड़ितों और दलितों के हक के लिए आवाज बुलंद करते हैं, भाजपा की सत्ता कांपने लगती है। एफआईआर और मुकदमों की राजनीति से राहुल जी और कांग्रेस पार्टी डरने वाली नहीं है। शुद्धिकरण का ढोंग क्यों? खरगे जी जैसे सम्मानित नेता के रैली स्थल का ’शुद्धिकरण’ कराकर भाजपा ने अपनी सामंतवादी और छुआछूत वाली मानसिकता का प्रमाण दे दिया है।
भाजपा और आरएसएस का असली चेहरा अब पूरी तरह बेनकाब हो चुका है। इनकी यह ’इस्तेमाल करो और अपमानित करो’ की नीति अब चलने वाली नहीं है। यह देश और देश की जनता सब देख रही है, एक तरफ वह ताकतें हैं जो दलितों के हक, सम्मान और संविधान की रक्षा के लिए अपनी आवाज उठा रही हैं, और दूसरी तरफ भाजपा है जो उनके अधिकारों का हनन करने और उन्हें अपमानित करने में कोई कसर नहीं छोड़ रही। जनता आगामी चुनावों में भाजपा के इस अहंकार और नफरत की राजनीति का करारा जवाब देगी।