नई दिल्ली | न्यूज़ डेस्क | स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के सैलरी अकाउंट ग्राहकों के लिए 1 अक्टूबर 2026 से ATM से जुड़े नियम बदलने वाले हैं | दूसरे बैंक के ATM से फ्री ट्रांजैक्शन की लिमिट घटने के बाद तय सीमा से ज्यादा इस्तेमाल करने पर चार्ज देना पड़ सकता है | अगर आपका खाता स्टेट बैंक ऑफ इंडिया यानी SBI में है, तो आपके लिए यह जरूरी खबर है | जानकारी के अनुसार 1 अक्टूबर 2026 से सैलरी अकाउंट वालों के लिए दूसरे बैंकों का एटीएम इस्तेमाल करने का नियम बदलने वाला है | इसका सीधा असर उन लोगों पर पड़ेगा, जो महीने में कई बार दूसरे बैंक के एटीएम से पैसे निकालते हैं या वहां बैलेंस चेक करते हैं | 
फ्री ट्रांजैक्शन में कटौती उसके बाद लगेगा चार्ज
- एसबीआई के सैलरी अकाउंट ग्राहकों को अभी दूसरे बैंकों के एटीएम और ऑटोमेटेड डिपॉजिट एंड विड्रॉल मशीन यानी एडीब्ल्यूएम पर हर महीने 10 मुफ्त ट्रांजैक्शन की सुविधा मिलती है लेकिन 1 अक्टूबर 2026 से यह सीमा घटकर 5 ट्रांजैक्शन रह जाएगी |
- यानी अगर आप महीने में दूसरे बैंक के एटीएम का ज्यादा इस्तेमाल करते हैं, तो अब आपको ट्रांजैक्शन गिनकर करना होगा | पांच मुफ्त ट्रांजैक्शन पूरे होने के बाद किए गए लेन-देन पर बैंक को चार्ज देना होगा |
फ्री में बैलेंस चेक भी नहीं
- यहां एक बात खास तौर पर ध्यान रखने वाली है कि इन 5 मुफ्त ट्रांजैक्शन में सिर्फ पैसे निकालना शामिल नहीं है | एटीएम से बैलेंस चेक करना या मिनी स्टेटमेंट निकालना भी ट्रांजैक्शन में गिना जाएगा |
- उदाहरण के लिए, अगर आपने महीने में तीन बार दूसरे बैंक के एटीएम से पैसे निकाले और दो बार बैलेंस चेक किया, तो आपके 5 मुफ्त ट्रांजैक्शन पूरे हो गए | इसके बाद अगर आप दोबारा उसी महीने दूसरे बैंक के एटीएम का इस्तेमाल करते हैं, तो उस पर चार्ज लग सकता है |
अकाउंट से पैसे निकालने पर कितना लगेगा चार्ज
- फ्री ट्रांजैक्शन खत्म होने के बाद दूसरे बैंक के एटीएम से पैसे निकालने पर 23 रुपये प्रति ट्रांजैक्शन और उस पर जीएसटी देना होगा |
- वहीं बैलेंस चेक या मिनी स्टेटमेंट जैसे नॉन-फाइनेंशियल ट्रांजैक्शन के लिए 11 रुपये और जीएसटी का शुल्क लगेगा |
- इसलिए अगर आप बार-बार दूसरे बैंक के एटीएम का इस्तेमाल करते हैं, तो 1 अक्टूबर के बाद थोड़ी सावधानी रखना आपके लिए फायदेमंद रहेगा |

BSBD खाते वालों के लिए क्या है नियम
- अब बात बेसिक सेविंग्स बैंक डिपॉजिट यानी BSBD खाते की.इस खाते में हर महीने 4 नकद फ्री ट्रांजैक्शन होती हैं | इसके बाद नकद निकासी पर 15 रुपये और जीएसटी का शुल्क लगता है | इसमें कोई चेंज नहीं हो रहा |
SBI के किस ग्राहक पर पड़ेगा असर
- इस बदलाव को लेकर एक और बात समझना जरूरी है कि 1 अक्टूबर से होने वाला बदलाव (Rule Change From 1st October) हर एसबीआई ग्राहक के लिए एक जैसा नहीं है |
- उपलब्ध जानकारी के मुताबिक मुख्य बदलाव सैलरी पैकेज अकाउंट वालों के दूसरे बैंकों के एटीएम और एडीब्ल्यूएम पर मिलने वाली मुफ्त ट्रांजैक्शन से जुड़ा है | ऐसे में अगर आपका एसबीआई में सैलरी अकाउंट है और आप दूसरे बैंकों के एटीएम का इस्तेमाल करते हैं, तो महीने में किए गए ट्रांजैक्शन का हिसाब रखना बेहतर होगा | खासकर बैलेंस चेक और मिनी स्टेटमेंट को भी गिनती में जरूर रखें |