केजन साहू (मोहला, मानपुर, अ. चौकी । जिला कांग्रेस कमेटी मोहला मानपुर अंबागढ़ चौकी के जिला अध्यक्ष सुरजीत सिंह के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए आज मोहला शहर मे जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने चुनाव आयुक्त पर कथित वोट चोरी का गंभीर आरोप लगाते हुए उनके पद छोड़ने की माँग की और राष्ट्रपति के नाम एसडीएम को ज्ञापन सौंपा।

प्रदर्शन की शुरुआत शहर के फव्वारा चौक से हुई, जहाँ से कांग्रेस कार्यकर्ता पैदल मार्च करते हुए कलेक्टर कार्यालय की ओर बढ़े। मार्च के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने वोट चोर गद्दी छोड़ और ज्ञानेश कुमार इस्तीफा दो के नारे लगाए। फव्वारा चौक पर ही आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन किया। हालांकि प्रदर्शनकारी पुतला पूरी तरह जला पाते उससे पहले पुलिस ने उनसे पुतला छीन लिया।
पुलिस बैरिकेडिंग पर प्रदर्शनकारियों की झूमाझटकी
पैदल मार्च करते हुए जैसे ही प्रदर्शनकारी कलेक्टर कार्यालय परिसर के समीप पहुँचे, वहाँ पहले से तैनात पुलिस बल ने बैरिकेड लगाकर उन्हें रोक दिया। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी बहस और जमकर झूमाझटकी हुई। बैरिकेड्स पर ही रुककर कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की।
राष्ट्रपति के नाम एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
कांग्रेस प्रतिनिधियों ने एसडीएम को राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से कांग्रेस ने आरोप लगाया कि वर्तमान चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली से लोकतंत्र खतरे में है और निष्पक्ष चुनाव पर सवाल उठ रहे हैं। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त से तत्काल अपने पद से इस्तीफा देने की माँग की है। ज्ञात हो कि कांग्रेस पार्टी वोट चोरी के मुद्दे को लेकर पूरे देशभर में प्रदर्शन कर रही है। प्रदर्शन के दौरान पूर्व विधायक तेजकुंवर नेताम, ब्लाक कांग्रेस कमेटी अंबागढ़ चौकी अध्यक्ष मुकेश सिंहा, बेनीराम साहू, पूर्व जनपद अध्यक्ष दिनेश शाह मंडावी, विमल साहू, अजय राजपूत, पन्ना मेश्राम सहित कांग्रेस कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।