भिलाई । नईमुद्दीन खान । छत्तीसगढ़ शासन के पूर्व राज्यमंत्री बदरुद्दीन कुरैशी ने,भारत की पूर्व प्रधानमंत्री एवं देश की प्रथम महिला प्रधानमंत्री स्वर्गीय श्रीमती इंदिरा गांधी जी की पुण्यतिथि (31 अक्टूबर) पर उन्हें शत-शत नमन करते हुए भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
स्वर्गीय इंदिरा गांधी जी का जीवन देश की एकता, अखंडता, संप्रभुता और जनसेवा के प्रति समर्पण का अद्भुत उदाहरण रहा है। 19 नवंबर 1917 को जन्मीं इंदिरा जी ने स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान ही देशसेवा का संकल्प ले लिया था। 24 जनवरी 1966 को देश की पहली महिला प्रधानमंत्री के रूप में उन्होंने कार्यभार संभाला। उनके नेतृत्व में 1969 में 14 प्रमुख बैंकों का राष्ट्रीयकरण हुआ, जिससे बैंकिंग सेवाओं को आम जनता, किसानों और ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण योगदान मिला। हरित क्रांति को प्रोत्साहन देकर कृषि उत्पादन और खाद्यान्न के क्षेत्र में भारत को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में भी उन्होंने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वर्ष 1971 में उनके नेतृत्व में भारत ने ऐतिहासिक विजय प्राप्त की और बांग्लादेश के निर्माण का मार्ग प्रशस्त हुआ।
इंदिरा गांधी जी ने गरीबों, किसानों, मजदूरों, महिलाओं और समाज के कमजोर वर्गों के उत्थान को अपनी राजनीति के केंद्र में रखा। उनका प्रसिद्ध नारा 'गरीबी हटाओ' और 20 सूत्रीय कार्यक्रम जनकल्याण के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उनका व्यक्तित्व, दृढ़ इच्छाशक्ति और राष्ट्र के प्रति समर्पण भारतीय इतिहास में सदैव स्मरणीय रहेगा। 31 अक्टूबर 1984 को उनका निधन देश के लिए अपूरणीय क्षति थी। आज उनकी पुण्यतिथि पर हम सभी उनके विचारों, संघर्षों और राष्ट्रसेवा के आदर्शों को याद करते हुए उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं।