November 04, 2026

Join With Us


स्वास्थ्य सेवाओं एवं नर्सिंग शिक्षा में उत्कृष्ट कार्य के लिए कौड़ीकसा की डॉ. दुर्गावती कुंजाम को मिला भारत प्रतिभा सम्मान

नई दिल्ली के प्रगति मैदान स्थित राष्ट्रीय विज्ञान केंद्र ऑडिटोरियम में आयोजित समारोह में किया गया सम्मानित




पूर्व केंद्रीय विदेश एवं संस्कृति राज्य मंत्री मीनाक्षी लेखी, पद्मश्री कथक नृत्यांगना शोभना नारायण एवं पद्मश्री कृषि वैज्ञानिक रामचेत चौधरी के हाथों हुआ सम्मान


अंबागढ़ चौकी । केजन साहू  । स्वास्थ्य सेवाओं एवं नर्सिंग शिक्षा के क्षेत्र में छत्तीसगढ़ प्रदेश में उत्कृष्ट कार्य करने के लिए विकासखंड के ग्राम कौड़ीकसा निवासी डॉ. श्रीमती दुर्गावती कुंजाम उशारे को देश की राजधानी नई दिल्ली में भारत प्रतिभा सम्मान-2026 से नवाजा गया है। उन्हें यह सम्मान 1 नवंबर 2026 को नई दिल्ली के प्रगति मैदान स्थित राष्ट्रीय विज्ञान केंद्र ऑडिटोरियम में आयोजित भारत प्रतिभा सम्मान समारोह में प्रदान किया गया। पूर्व केंद्रीय विदेश एवं संस्कृति राज्य मंत्री मीनाक्षी लेखी, पद्मश्री से सम्मानित प्रख्यात कथक नृत्यांगना शोभना नारायण एवं पद्मश्री कृषि वैज्ञानिक रामचेत चौधरी के हाथों डॉ. कुंजाम को यह सम्मान प्राप्त हुआ। नवीन जिला मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी से राष्ट्रीय स्तर पर स्वास्थ्य सेवाओं एवं नर्सिंग शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित होने वाली डॉ. दुर्गावती कुंजाम जिले की पहली महिला हैं। उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर भारत प्रतिभा सम्मान मिलने से पूरे जिले में हर्ष का माहौल है। विशेषकर नर्सिंग एवं स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में कार्यरत स्थानीय बेटियों और महिलाओं में उत्साह देखा जा रहा है।


ब्लॉक के छोटे से गांव कौड़ीकसा के एक साधारण परिवार से ताल्लुक रखने वाली डॉ. दुर्गावती कुंजाम उशारे नवीन जिले के प्रख्यात आदिवासी एवं किसान नेता तथा शिक्षक स्व. लखन शाह कुंजाम की सुपुत्री हैं। बचपन से ही मेधावी रहीं डॉ. दुर्गावती ने अपनी प्राथमिक एवं प्रारंभिक शिक्षा गांव कौड़ीकसा में ही पूरी की। इसके बाद उच्च शिक्षा का सफर अंबागढ़ चौकी के साथ राजनांदगांव, दुर्ग, भिलाई एवं रायपुर में पूरा किया।

बचपन से ही माता-पिता एवं परिजनों से मिले सेवा के संस्कार, शिक्षा और विरासत को डॉ. दुर्गावती ने अपने जीवन का उद्देश्य एवं सफलता का मूलमंत्र बनाया। इसी प्रेरणा के साथ उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं एवं नर्सिंग शिक्षा के क्षेत्र में कदम रखा और फिर कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा। हर चुनौती को विनम्रता के साथ स्वीकार करते हुए उन्होंने ऐसा संघर्ष किया कि आज वे देश में नर्सिंग शिक्षा एवं स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में एक विशिष्ट पहचान बना चुकी हैं।


 स्टाफ नर्स से छत्तीसगढ़ नर्सिंग काउंसिल के रजिस्ट्रार तक का सफर

स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में डॉ. दुर्गावती कुंजाम उशारे ने वर्ष 2004 में 30 बिस्तरों वाले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अंबागढ़ चौकी से अपनी शासकीय सेवा की शुरुआत की। दो दशकों से अधिक समय तक स्वास्थ्य सेवाओं एवं नर्सिंग शिक्षा के क्षेत्र में दिए गए योगदान के बूते उन्होंने पूरे छत्तीसगढ़ प्रदेश में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है। डॉ. दुर्गावती ने स्टाफ नर्स के रूप में सेवाएं देने के बाद दुर्ग स्थित एम.पी.डब्ल्यू. प्रशिक्षण केंद्र में ट्यूटर के रूप में भी कार्य किया। नर्सिंग शिक्षा एवं स्वास्थ्य सेवाओं में उनके उल्लेखनीय योगदान को देखते हुए छत्तीसगढ़ शासन ने उन्हें वर्ष 2018 से 2021 तथा वर्ष 2022 से 2025 के बीच छत्तीसगढ़ नर्सिंग काउंसिल के रजिस्ट्रार पद पर कार्य करने का अवसर प्रदान किया। इस प्रकार उन्हें लगभग सात वर्षों तक प्रदेश में नर्सिंग काउंसिल के रजिस्ट्रार के रूप में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभाने का अवसर मिला। इस दौरान डॉ. कुंजाम ने नर्सिंग शिक्षा एवं स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में प्रदेश की बेटियों और महिलाओं को जोड़ने, उन्हें प्रोत्साहित करने तथा आगे बढ़ाने के लिए उल्लेखनीय कार्य किए। वर्तमान में डॉ. श्रीमती कुंजाम कांकेर स्थित जीएनएमटी प्रशिक्षण केंद्र में प्राचार्य के पद पर कार्यरत हैं।


 डॉ. दुर्गावती की प्रेरणा से जिले की सैकड़ों बेटियां नर्सिंग क्षेत्र में बना रहीं भविष्य

छत्तीसगढ़ नर्सिंग काउंसिल के रजिस्ट्रार पद पर कार्य कर चुकीं डॉ. दुर्गावती कुंजाम की प्रेरणा एवं मार्गदर्शन से आज वनांचल क्षेत्र तथा नवीन जिला मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी की सैकड़ों बेटियां और महिलाएं नर्सिंग के क्षेत्र में अपना भविष्य संवार रही हैं। वे शासकीय एवं निजी अस्पतालों में स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान कर रही हैं। जिला मुख्यालय मोहला की खुशबू उर्वशा एवं भर्रीटोला की प्रियंका बोगा ने बताया कि डॉ. दुर्गावती के मार्गदर्शन एवं सहयोग से ही वे आज स्वास्थ्य एवं चिकित्सा विभाग में सेवाएं दे रही  हैं। इनके अलावा भी क्षेत्र की सैकड़ों युवतियां नर्सिंग के क्षेत्र में अपना करियर बनाकर शासकीय एवं निजी क्षेत्र के विभिन्न प्रतिष्ठित अस्पतालों में सेवाएं दे रही हैं तथा अपने परिवार का भरण-पोषण कर रही हैं।


नर्सिंग की पढ़ाई कर रही युवतियों का कहना है कि डॉ. दुर्गावती वनांचल क्षेत्र की बेटियों को स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में आगे बढ़ने और अपना करियर बनाने के लिए लगातार मार्गदर्शन एवं सहयोग प्रदान करती रहती हैं।


 जिले का गौरव बढ़ाने पर जनप्रतिनिधियों ने दी बधाई


भारत प्रतिभा सम्मान काउंसिल देश की एक महत्वपूर्ण संस्था है। यह संस्था प्रतिवर्ष 16 श्रेणियों में जमीनी स्तर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाली राष्ट्रीय प्रतिभाओं को देश की राजधानी दिल्ली में सम्मानित करती है। डॉ. दुर्गावती कुंजाम का चयन छत्तीसगढ़ प्रदेश से स्वास्थ्य सेवाओं एवं नर्सिंग शिक्षा के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए किया गया था। डॉ. दुर्गावती को 1 नवंबर 2026 को नई दिल्ली में भारत प्रतिभा सम्मान से सम्मानित किए जाने पर जिले के नागरिकों एवं जनप्रतिनिधियों ने हर्ष व्यक्त किया है।

मोहला-मानपुर विधायक इंद्रशाह मंडावी, पूर्व विधायक श्रीमती तेजकुंवर नेताम, पूर्व मंत्री गोवर्धन नेताम, नगर पंचायत अध्यक्ष अनिल मानिकपुरी तथा अंबागढ़ चौकी स्थित मयाराम नर्सिंग स्कूल के संचालक डॉ. रामनरेंद्र नेताम सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों एवं नागरिकों ने डॉ. श्रीमती दुर्गावती कुंजाम को जिले का गौरव बढ़ाने पर बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।





Banner
+36
°
C
+39°
+29°
New Delhi
Wednesday, 10
See 7-Day Forecast

Advertisement













Tranding News

Get In Touch
Avatar

सोनम कौर भाटिया

प्रधान संपादक

+91 73540 77535

contact@vcannews.com

© Vcannews. All Rights Reserved. Developed by NEETWEE