November 21, 2026

Join With Us


मां की अंतिम विदाई में रो पड़े सीएम योगी : हरिद्वार के लिए निकली अंतिम यात्रा




उत्तर प्रदेश | न्यूज़ डेस्क | उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी का शुक्रवार सुबह निधन हो गया था। 89 वर्षीय सावित्री देवी ने उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले के यमकेश्वर ब्लॉक स्थित अपने पैतृक गांव पंचूर में अंतिम सांस ली थी। शनिवार सुबह उनके पार्थिव शरीर को अंतिम संस्कार के लिए हरिद्वार के चंडी घाट ले जाया जा रहा है। उनका अंतिम संस्कार आज बीच हरिद्वार के चंडी घाट पर किए जाने का कार्यक्रम है।

मां के अंतिम दर्शन के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भावुक हो गए। उन्होंने मां के पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस दौरान वह कुछ देर तक उनके पास खड़े रहे और एकटक निहारते रहे। मुख्यमंत्री ने परिजनों और उनकी देखभाल करने वालों से मां के अंतिम समय के बारे में भी जानकारी ली। वह रातभर मां के पार्थिव शरीर के पास बैठे रहे। इस दौरान उन्होंने अन्न-जल भी ग्रहण नहीं किया। अंतिम संस्कार में उत्तर प्रदेश सरकार के कई मंत्रियों के भी शामिल होने की संभावना है।

सावित्री देवी लंबे समय से बीमार चल रहीं थीं। पिछले तीन वर्षों से अधिक परेशानी होने के कारण उन्हें एक बार एम्स ऋषिकेश में और एक बार जौलीग्रांट अस्पताल में भर्ती कराया गया था। दोनों बार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपनी मां को देखने अस्पताल पहुंचे थे। योगी बीती 7 मई को पंचूर गांव पहुंचे थे और 8 मई को वापस चले गए थे। उस दौरान उन्होंने अपनी मां से अंतिम बार मुलाकात की थी। परिजनों के अनुसार सावित्री देवी का अंतिम संस्कार हरिद्वार स्थित चंडी घाट पर किया जाएगा, यही पंचूर गांव का पैतृक घाट है।

सावित्री देवी के निधन की सूचना मिलते ही पंचूर गांव में नाते-रिश्तेदार उमड़ने लगे। पूरे क्षेत्र में शोक की लहर पसर गई। वहीं, शाम को योगी भी गांव पहुंच गए। उन्होंने अपनी मां के अंतिम दर्शन किए। भावुक स्थिति में उन्होंने परिजनों से बातचीत की। सूत्रों के अनुसार, योगी अंतिम संस्कार के बाद ही लौटेंगे। इस दौरान कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

दूसरा बड़ा पारिवारिक दुख

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के लिए यह दूसरा बड़ा पारिवारिक दुख है। इससे पहले अप्रैल 2020 में उनके पिता आनंद सिंह बिष्ट का निधन हुआ था। उस समय कोरोना महामारी के कारण लागू प्रतिबंधों और मुख्यमंत्री के दायित्वों के चलते वह पिता के अंतिम संस्कार में शामिल नहीं हो सके थे। गोरखनाथ मंदिर परिवार की ओर से भी सावित्री देवी के निधन पर शोक व्यक्त किया गया। शुक्रवार को मंदिर परिसर में उनकी तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई और शोकसभा आयोजित की गई।






Banner
+36
°
C
+39°
+29°
New Delhi
Wednesday, 10
See 7-Day Forecast

Advertisement













Tranding News

Get In Touch
Avatar

सोनम कौर भाटिया

प्रधान संपादक

+91 73540 77535

contact@vcannews.com

© Vcannews. All Rights Reserved. Developed by NEETWEE