भिलाई | नईमुद्दीन खान | सेल-भिलाई इस्पात संयंत्र के शिक्षा विभाग द्वारा सीनियर सेकेंडरी स्कूल, सेक्टर-7 के सभागार में अंतर्शालेय प्रतियोगिताओं के विजेता छात्र-छात्राओं के सम्मान में समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर संयंत्र के विभिन्न विद्यालयों के लगभग 213 विद्यार्थियों को उनकी उत्कृष्ट उपलब्धियों के लिए मुख्य अतिथि महाप्रबंधक प्रभारी (नगर सेवाएँ) ए.बी. श्रीनिवास ने सम्मानित किया। समारोह का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। विद्यार्थियों ने पौधे भेंट कर अतिथियों का स्वागत किया, वहीं सीनियर सेकेंडरी स्कूल, सेक्टर-7 के विद्यार्थियों ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया। समारोह में सुमिता सरकार,विजय सिंह पवार,उर्वशी साहू एवं सविता तिवारी सहित विभिन्न विद्यालयों के प्रमुख उपस्थित रहे।
समारोह में विद्यार्थियों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने विशेष आकर्षण प्रदान किया। सीनियर सेकेंडरी स्कूल, सेक्टर-7 की छात्रा विद्या पंडित ने मनमोहक शास्त्रीय नृत्य प्रस्तुत किया, वहीं भिलाई विद्यालय, सेक्टर-2 की छात्रा संतोषी साहू ने मधुर लोकगीत की प्रस्तुति दी। ई.एम.एम.एस., सेक्टर-7 के छात्र-छात्राओं ने आकर्षक ड्रिल प्रस्तुत कर दर्शकों का मन मोह लिया। विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले लगभग 213 छात्र-छात्राओं को मुख्य अतिथि श्री ए.बी. श्रीनिवास ने स्मृति चिन्ह एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
मुख्य अतिथि ए.बी. श्रीनिवास ने पुरस्कार विजेता विद्यार्थियों को उनकी उपलब्धियों के लिए बधाई देते हुए कहा कि विद्यालयीन जीवन में प्राप्त शिक्षा और सीख भविष्य में जीवन की विभिन्न चुनौतियों का सामना करने तथा उनका समाधान खोजने में मार्गदर्शक सिद्ध होती है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बच्चे में विशिष्ट प्रतिभा और क्षमताएँ होती हैं, जिन्हें सही मार्गदर्शन, प्रोत्साहन एवं अवसरों के माध्यम से विकसित किया जा सकता है।
विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ अपनी रुचियों और रचनात्मक क्षमताओं को भी निरंतर विकसित करना चाहिए। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की प्रतिभा का विकास उनके उज्ज्वल भविष्य के साथ-साथ राष्ट्र की प्रगति में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने सभी विद्यार्थियों को जीवन में सफलता की नई ऊँचाइयाँ प्राप्त करने की शुभकामनाएँ दीं। साथ ही विद्यार्थियों की उपलब्धियों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले शिक्षकों के सतत प्रयासों की सराहना की।
महाप्रबंधक (शिक्षा) शिखा दुबे ने स्वागत उद्बोधन में अतिथियों का स्वागत करते हुए सभी पुरस्कार विजेता विद्यार्थियों को उनकी सफलता पर बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति में कुछ विशिष्ट नैसर्गिक गुण एवं प्रतिभाएँ होती हैं, जिन्हें निरंतर परिश्रम, लगन और समर्पण से विकसित किया जा सकता है। विद्यालय स्तर पर आयोजित प्रतियोगिताएँ विद्यार्थियों की बहुमुखी प्रतिभा को निखारने तथा उन्हें अपनी क्षमताओं के प्रदर्शन का अवसर प्रदान करती हैं। उन्होंने शिक्षकों से प्रत्येक विद्यार्थी को विद्यालयीन गतिविधियों एवं प्रतियोगिताओं में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रोत्साहित करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि पाठ्यसहगामी गतिविधियाँ विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और उनके भविष्य के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। 
उल्लेखनीय है कि विद्यार्थियों की प्रतिभा को प्रोत्साहित करने और उनके सर्वांगीण विकास के उद्देश्य से संयंत्र के विभिन्न विद्यालयों में वर्षभर अनेक अंतर्शालेय प्रतियोगिताएँ आयोजित की जाती हैं। इनमें ड्राइंग एवं पेंटिंग, अनुवाचन एवं अनुगायन (हिंदी एवं अंग्रेजी), विविध वेशभूषा, प्रश्नोत्तरी, स्पेलिंग का सरताज (हिंदी एवं अंग्रेजी), संगीत, गायन, ताल, मधुर वाद्ययंत्र (कनिष्ठ एवं वरिष्ठ समूह), भाषण (हिंदी एवं अंग्रेजी) तथा वाद-विवाद (हिंदी एवं अंग्रेजी) जैसी प्रतियोगिताएँ शामिल हैं। प्राथमिक, माध्यमिक एवं उच्चतर माध्यमिक स्तर के विद्यार्थियों ने इन प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इस अवसर पर शिक्षा विभाग की उप प्रबंधक विभा रानी कटियार, सहायक प्रबंधक मनीष तिवारी एवं राजेश कुमार गुप्ता सहित शिक्षा विभाग के अन्य सदस्य उपस्थित थे। कार्यक्रम के अंत में सीनियर सेकेंडरी स्कूल, सेक्टर-10 की प्राचार्या सुमिता सरकार ने आभार व्यक्त किया। सीनियर सेकेंडरी स्कूल, सेक्टर-7 की वरिष्ठ शिक्षिका श्रीदेवी दुर्गे ने कार्यक्रम का संचालन किया।