नागपुर | एड अब्दुल अमानी कुरैशी | महिलाओं की उच्च शिक्षा, नेतृत्व क्षमता, आर्थिक आत्मनिर्भरता और सामाजिक सशक्तीकरण को नई दिशा देने के उद्देश्य से महाराष्ट्र में पहली बार 'स्वयंसिद्धा राष्ट्रीय परिषद 2026' का आयोजन किया जा रहा है | राष्ट्रसंत तुकड़ोजी महाराज नागपुर विश्वविद्यालय की ओर से 25 और 26 नवंबर को दो दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन आयोजित होगा | राजनगर स्थित नेशनल फायर सर्विस कॉलेज के सभागृह में 25 नवंबर को सुबह 10 बजे सम्मेलन का उद्घाटन उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन करेंगे | इस अवसर पर राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा और महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार प्रमुख अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगी | 
कार्यक्रम में उपकुलपति डॉ. मनाली क्षीरसागर, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय की उपकुलपति प्रो. उमा कांजीलाल, राज्यपाल के सचिव डॉ. प्रशांत नरनवरे, प्र-उपकुलपति डॉ. अखिलेश पेशवे, कुलसचिव डॉ. विजय खंडाल और स्वयंसिद्धा केंद्र की नोडल समन्वयक डॉ. शालिनी लिहितकर प्रमुख रूप से उपस्थित रहेंगी | दो दिवसीय सम्मेलन में देशभर के विश्वविद्यालयों के उपकुलपति, शिक्षाविद, प्रशासनिक अधिकारी, कानून विशेषज्ञ, पुलिस अधिकारी, शोधकर्ता, उद्योग जगत के प्रतिनिधि और महिला सशक्तीकरण के क्षेत्र में कार्यरत संस्थाओं के प्रतिनिधि शामिल होंगे | सम्मेलन में महिला उच्च शिक्षा, सुरक्षा, स्वास्थ्य, कानूनी अधिकार, डिजिटल साक्षरता, कृत्रिम बुद्धिमत्ता, अनुसंधान, रोजगार, उद्यमिता और प्रशासन में महिलाओं की नेतृत्व भूमिका जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा होगी |