November 28, 2026

Join With Us


महापौर ने विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा कर अप्रारंभ कार्यों को शीघ्र शुरू करने के दिए निर्देश

पेयजल,पाइपलाइन विस्तार एवं लोक कर्म विभाग के कार्यों की भी हुई समीक्षा




दुर्ग | सोनम कौर | नगर पालिक निगम दुर्ग। शहर में चल रहे विभिन्न विकास एवं निर्माण कार्यों की प्रगति को लेकर महापौर अलका बाघमार ने अधिकारियों के साथ विस्तृत समीक्षा बैठक ली। बैठक में लोक कर्म प्रभारी देव नारायण चन्द्राकर, कार्यपालन अभियंता विनीता वर्मा, भवन अधिकारी प्रकाश चंद थवानी, सहायक अभियंता गिरीश दीवान, संजय ठाकुर, हरिशंकर साहू, पंकज साहू, मोहित मरकाम, अपर्णा मिश्रा, भारती ठाकुर एवं विकास दमाहे सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। महापौर ने विभागवार विकास एवं निर्माण कार्यों की वर्तमान स्थिति, कार्यों की प्रगति, पूर्णता की समय-सीमा तथा कार्यों में आ रही बाधाओं की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने विशेष रूप से स्वीकृत लेकिन अब तक प्रारंभ नहीं हुए कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी आवश्यक प्रक्रियाएं शीघ्र पूर्ण कर अप्रारंभ कार्यों को तत्काल शुरू कराया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनहित से जुड़े विकास कार्यों में अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी स्वीकृत कार्यों को प्राथमिकता के साथ धरातल पर उतारा जाए

स्वीकृत कार्यों को समय-सीमा में पूरा करें, गुणवत्ता से समझौता नहीं

महापौर ने कहा कि शहर में सड़क, नाली, पुलिया, भवन, उद्यान एवं अन्य अधोसंरचना संबंधी कार्य नागरिकों की मूलभूत सुविधाओं और शहर के विकास से सीधे जुड़े हैं। इसलिए प्रत्येक कार्य की नियमित मॉनिटरिंग की जाए तथा निर्माण कार्यों में किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब न होने दिया जाए। जिन कार्यों की गति धीमी है, उनमें संबंधित विभाग आपसी समन्वय स्थापित कर तेजी लाएं और निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण करें,उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों में उपयोग होने वाली सामग्री की गुणवत्ता तथा निर्धारित तकनीकी मापदंडों का विशेष ध्यान रखा जाए। सभी विकास एवं निर्माण कार्य गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूर्ण हों, ताकि नागरिकों को लंबे समय तक बेहतर सुविधाएं मिल सकें।

पेयजल व्यवस्था एवं पाइपलाइन विस्तार कार्यों की समीक्षा

बैठक में लोक कर्म विभाग, जल कार्य विभाग, जल विभाग, अधोसंरचना एवं 15वें वित्त आयोग सहित विभिन्न मदों से स्वीकृत कार्यों की समीक्षा की गई। महापौर ने चल रहे कार्यों, पूर्ण हो चुके कार्यों तथा आगामी कार्यों की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने पेयजल आपूर्ति व्यवस्था, पाइपलाइन विस्तार एवं जल संबंधी नागरिक समस्याओं पर भी चर्चा की।

महापौर ने जल विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि शहर में पेयजल आपूर्ति सुचारू बनाए रखने के साथ पाइपलाइन से संबंधित समस्याओं का त्वरित निराकरण सुनिश्चित किया जाए। जिन क्षेत्रों में पाइपलाइन विस्तार, सुधार अथवा अन्य आवश्यक कार्य किए जाने हैं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए, ताकि नागरिकों को पेयजल संबंधी परेशानी न हो।

नागरिकों की मूलभूत सुविधाएं सर्वोच्च प्राथमिकता

महापौर ने कहा कि नागरिकों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना नगर निगम की प्राथमिक जिम्मेदारी है। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और नागरिकों से प्राप्त शिकायतों एवं समस्याओं का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करें,बैठक के अंत में महापौर ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि स्वीकृत विकास कार्यों को तेजी से धरातल पर उतारें, चल रहे कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करें तथा प्रत्येक कार्य में गुणवत्ता और जवाबदेही सुनिश्चित करें। शहर के विकास एवं नागरिकों की सुविधाओं से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।





Related Post

Banner
+36
°
C
+39°
+29°
New Delhi
Wednesday, 10
See 7-Day Forecast

Advertisement













Tranding News

Get In Touch
Avatar

सोनम कौर भाटिया

प्रधान संपादक

+91 73540 77535

contact@vcannews.com

© Vcannews. All Rights Reserved. Developed by NEETWEE